Chaibasa : ओडिशा के बड़बिल की बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में 19 जनवरी को हुई डकैती के तार अब झारखंड के चाईबासा समेत अन्य इलाकों से जुड़ रहा है। जांच के लिए ओडिशा पुलिस की विशेष जांच टीम मंगलवार देर शाम झारखंड पहुंची और चाईबासा में जांच-पड़ताल तेज कर दी है।
गौरतलब है कि 19 जनवरी को हथियारबंद छह बदमाश बैंक में घुसे और करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के आभूषण तथा लगभग 5 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
मंगलवार को ओडिशा पुलिस की टीम ने चाईबासा के पोस्ट ऑफिस चौक सहित शहर के कई इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस दौरान चाईबासा मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार भी जांच टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों, वाहनों की आवाजाही और संभावित ठिकानों को लेकर बारीकी से जांच की।
सूत्रों के अनुसार, चाईबासा में जांच के दौरान ओडिशा पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि लूटकांड में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस को जल्द बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

