
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार को देर शाम वज्रपात का कहर देखने को मिला। यहां खैरादोहर गांव में सोमवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से सुंदर भुइयां (50) नामक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक विष्णुदेव भुइयां का पुत्र था। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुंदर भुइयां घर के पास अपनी मवेशी चरा रहा था।
इसी दौरान मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया। आसमान में बादल गरजने चमकने लगे, इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आकर सुंदर भुइयां गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए छतरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अधेड़ व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

