
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में ठेकेदारों के भुगतान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने निगम में विकास कार्यों के भुगतान में कथित कमीशनखोरी के आरोपों को गंभीर बताते हुए नगर विकास मंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सरयू राय ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कन्हाई कुमार सिंह नामक व्यक्ति ने पोस्ट के माध्यम से आरोप लगाया है कि उनके भांजे ने वार्ड क्षेत्र में नाली निर्माण का कार्य फरवरी माह में विभागीय निर्देशों के अनुरूप पूरा कर दिया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
पोस्ट में दावा किया गया है कि संबंधित कार्य का बिल तैयार हो चुका है। कार्यपालक अभियंता के हस्ताक्षर, गुणवत्ता प्रमाणन और ऑडिट की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद भुगतान लंबित रखा गया है। आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए वार्ड पार्षद की ओर से दो प्रतिशत तथा मेयर से जुड़े स्तर पर अलग से कमीशन मांगा जा रहा है।
कन्हाई कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए संबंधित जनप्रतिनिधियों से घर आकर हालात देखने की अपील की है। उन्होंने लिखा है कि भुगतान मिलने के बाद वह कथित कमीशन देने को भी तैयार हैं, लेकिन यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वह मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। पोस्ट में उन्होंने इस स्थिति के लिए संबंधित पार्षद और मेयर को जिम्मेदार ठहराया है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने नगर विकास मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर ठेकेदारों के लंबित भुगतान सुनिश्चित कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

