
Chaibasa : पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि 4 अगस्त को चाईबासा-टाटा बाईपास चौक पर धूमधाम से मनाई जाएगी। इस मौके पर बाईपास चौक में दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति ने प्रतिमा स्थापना का काम तेज कर दिया है।
इसी तैयारियों और जिले की मौजूदा राजनीतिक स्थिति सहित संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए आज चाईबासा के डोबरोसाई स्थित सनसाईन रेस्टोरेंट के सभागार में झामुमो पश्चिमी सिंहभूम की विशेष जिला समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की।
मझगांव घटना पर जताई चिंता, प्रशासन से मिले प्रतिनिधिमंडल
बैठक में मझगांव में कुछ दिन पहले स्कूली बच्चों और अन्य लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। इस संबंध में एक उपायुक्त से मिलने का फैसला लिया गया। बैठक के बाद जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में झामुमो का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर उपायुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिले में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं का फायदा उठाकर कोई अवसरवादी तत्व नकारात्मक राजनीति न कर सके और जिले का माहौल खराब न हो।
नेताओं ने कहा कि किसी भी स्थिति में समाज के बीच आपसी भाईचारे पर आंच नहीं आनी चाहिए। ऐसे संवेदनशील मामलों में स्थानीय पुलिस को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव सहित पार्टी के केंद्रीय सदस्य, जिला समिति पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष-सचिव और सभी प्रखंड व नगर अध्यक्ष-सचिव शामिल हुए।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार प्रधान, दिनेश चंद्र महतो, प्रेम मुंडरी, लखन बोदरा, शंकर निषाद, जिला संगठन सचिव मानाराम कुदादा, मनोज लागुरी, केंद्रीय सदस्य निसार हुसैन डोंगर, जिला संयुक्त सचिव मो. मुजाहिद, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलबर हुसैन, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मो. शाहिद, छात्र मोर्चा जिला सचिव अनुज पुरती आदि उपस्थित थे।
Read Also: Chaibasa Health News : सदर अस्पताल में ब्लड के नाम पर ठगी, 4700 रुपये छीनकर भागा युवक गिरफ्तार

