पलामू। हत्या के आरोपित के घर पर शुक्रवार को Palamu Police बुलडोजर लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपित प्रदीप तिवारी के परिजनों को चेतावनी दी है कि 24 घंटे में उसे हाजिर करें अन्यथा पुलिस बड़ा एक्शन लेगी। घर पर बुलडोजर चलाने का भी निर्णय लिया जाएगा।
मेदिनीनगर के रेडमा निवासी चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले का मुख्य आरोपित प्रदीप तिवारी महाकाल घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा
शुक्रवार को पुलिस जब आरोपित के घर पर पहुंची तो वह नहीं मिला। वहां से तीन गाड़ियां जब्त की गईं। इसे शहर थाना में लाकर रखी गई है। इसकी जांच के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को जानकारी दी गई है। पुलिस ने प्रदीप तिवारी के परिजनों को चेतावनी दी है कि 24 घंटे में आरोपित को हाजिर करें,नहीं तो घर पर बुलडोजर चलाने का भी निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस मामले में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपित सलाखों के पीछे होंगे। 25 अप्रैल को विनीत तिवारी का उसके घर के पास से अपहरण कर लिया गया था और 26 अप्रैल की सुबह उसका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से नग्न अवस्था में बरामद किया गया था।
विनीत तिवारी के पिता विनोद तिवारी ने प्रदीप तिवारी महाकाल और उसके भाई दिलीप तिवारी के खिलफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। रास्ते को लेकर विवाद में हत्या करने बात कही जा रही है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है। पांच दिन बीत गए हैं अब तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। बुधवार को हत्याकांड के विरोध में और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मेदिनीनगर शहर में कैंडल मार्च निकाला गया था।

