RANCHI: रेलवे सुरक्षा बल रांची और नन्हे फरिश्ते टीम की सतर्कता से तीन नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह कार्रवाई 30 अप्रैल को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नियमित जांच के दौरान की गई। जांच के दौरान टीम ने जीआरपी पोस्ट के पास तीन बच्चियों को संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम पूनम कुमारी, रेशमा पात्रो और इच्छा बंछोड़ बताया।
बच्चियों ने बताया कि वे बिना अभिभावकों को जानकारी दिए रांची पहुंची हैं और अपनी मौजूदगी का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सकीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को सुरक्षित चाइल्डलाइन टीम रांची को सौंप दिया, जहां आगे की देखभाल और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्य में एएसआई योगेंद्र कुमार, महिला स्टाफ सरस्वती, सुचिता टोप्पो और उर्मिला देवी की अहम भूमिका रही।

