RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया इलाके में जिला प्रशासन ने गुरुवार को देर रात कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का खुलासा किया है। यह छापेमारी रांची के एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान एक गोदाम से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से जमा कर रखा गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एलपीजी सिलेंडरों को ब्लैक मार्केटिंग के उद्देश्य से स्टॉक किया गया था। शहर में गैस की बढ़ती मांग और आपूर्ति में कमी का फायदा उठाकर इन्हें जरूरतमंद उपभोक्ताओं को ऊंचे दामों पर बेचे जाने की तैयारी थी। छापेमारी के बाद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और संबंधित गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि आम लोगों की जरूरत की वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

