Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका का अब तक पता नहीं चल पाया है। अब तक उनका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों बच्चे घर से पास की दुकान पर कुछ सामान लेने निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद धुर्वा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, दुकान बंद मिलने के बाद बच्चे आगे निकल गए और संभवतः रास्ता भटक गए। इस बीच कुछ लोगों ने शहीद मैदान के आसपास दोनों बच्चों को रोते हुए देखने की बात कही है। इस सूचना के आधार पर भी खोज अभियान तेज किया गया है।
धुर्वा थाना पुलिस आसपास के इलाकों, संभावित मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पूछताछ कर रही है। बच्चों की तस्वीरें जिले के अन्य थानों और सोशल माध्यमों से भी साझा की गई हैं, ताकि जल्द से जल्द दोनों मासूमों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

