रांची : राज्य में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार अलर्ट हो गई है। आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सतर्क रहने और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है।मंत्री ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि जहां गर्मी का प्रकोप अधिक है, वहां स्कूलों में अवकाश घोषित करने पर विचार किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट करते हुए मंत्री ने सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए पर्याप्त दवाएं, बेड और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है। डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी एवं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की और वृद्धि होने की संभावना है।मंत्री ने कहा कि वे खुद स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए हैं।लू से बचाव के लिए सलाह:दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें।

