RANCHI: राजधानी रांची में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ट्रैफिक पुलिस नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक कार चालक बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाते पकड़ा गया। पुलिस ने कार को रोककर जांच शुरू की तो चालक ने नाराज होकर पुलिसकर्मियों को धमकी देनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं चालक ने मौके पर किसी व्यक्ति को फोन लगाया और ट्रैफिक पुलिस से कहा कि राज्यपाल साहेब बात करेंगे। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और मामले की जांच की गई। जांच के दौरान फरार युवक के व्हाट्सएप डीपी में झारखंड के वर्तमान राज्यपाल की तस्वीर लगी मिली।
पुलिस ने कार में मौजूद दो युवकों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों युवक हिंदपीढ़ी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं फरार आरोपी की पहचान शाहिद रहमान के रूप में हुई है, जो हिंदपीढ़ी का ही रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। रांची पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

