Dumka : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरायदाहा के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक बारात लेकर जा रही बस 11,000 वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। इस घटना में बस की छत पर सवार करीब छह से अधिक बाराती झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बस पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र से शिकारीपाड़ा के बुसकी गांव की ओर जा रही थी। रास्ते में कई बाराती बस की छत पर चढ़कर नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार काफी नीचे लटका हुआ था, जिसे बाराती समय रहते देख नहीं पाए और उसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तार सामान्य से काफी नीचे था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

