
Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित गरमनाला रोड के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा संकेत के खड़ी बस से एक तेज रफ्तार टेम्पो पीछे से जा भिड़ा। हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उसमें न तो पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही ब्लिंकर या कोई अन्य चेतावनी संकेत लगाया गया था। अंधेरे के कारण टेम्पो चालक को बस दिखाई नहीं दी और वह सीधे बस के पिछले हिस्से से टकरा गया।
टक्कर के बाद चालक टेम्पो में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसके पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस यह जांच कर रही है कि आखिर बस को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत के सड़क पर क्यों खड़ा किया गया था। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read also Jamshedpur Accident: कदमा सड़क हादसे में एक किशोर की मौत, TMH में बवाल

