
Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बास्कोनगर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद कर लिया है। गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
गौरतलब है कि बास्कोनगर की चार नाबालिग सहेलियां 13 जुलाई को रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। मंगलवार को चार में से एक बच्ची सकुशल अपने घर लौट आई, जबकि तीन अन्य बच्चियां लापता रहीं। तीनों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस के सामने उनकी तलाश एक बड़ी चुनौती बन गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने परिजनों के सहयोग से तकनीकी और मानवीय स्तर पर लगातार जांच और खोजबीन शुरू की। विभिन्न संभावित स्थानों पर छानबीन के बाद पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम से तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूरे अभियान का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने किया। अभियान में सब इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की सक्रियता और लगातार प्रयास के कारण बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सका।
बरामद बच्चियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चियां किन परिस्थितियों में पश्चिमी सिंहभूम पहुंचीं और वहां तक पहुंचने के पीछे क्या वजह रही।

