
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित पिल्लई टाउन हॉल में शनिवार को 26वीं झारखंड राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
आज के दौर में योगासन की विशेष जरूरत: नगर परिषद अध्यक्ष
मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि आज के दौर में योगासन की विशेष जरूरत है। लोग रोजमर्रा की भागदौड़ और तनाव में फंस जाते हैं, इसका समाधान योग में है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी शांति देता है। उन्होंने कहा कि चाईबासा की पहचान है कि यहां इस तरह के आयोजन लगातार होते रहते हैं।
शहर में राज्य स्तरीय आयोजन होना सुखद संकेत: एसडीपीओ
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी ने कहा कि शहर में राज्य स्तरीय आयोजन होना सुखद संकेत है। इससे बच्चों को मंच मिलता है। योगासन के महत्व को पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं और प्रायोजक रूंगटा स्टील के प्रति आभार जताया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
क्या कहा आयोजक
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला योग संगठन के सचिव दीपक प्रसाद ने दो दिवसीय आयोजन की जानकारी दी।
जिला योग एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एस आर रूंगटा ग्रुप हमेशा सामाजिक कार्यों में आगे रहता है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मदद करेगी। राष्ट्रीय योग फेडरेशन के पूर्व सचिव संजय झा ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। मंच का संचालन विकास दोदराजका ने किया।
प्रतिभागी और व्यवस्था
दिनभर चली प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी कला दिखाई। राज्य योग संगठन के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने बताया कि राज्य के लगभग सभी हिस्सों से प्रतिभागी अभिभावक और प्रशिक्षक के साथ आए हैं। निर्णायक मंडल में भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों के रहने और भोजन की व्यवस्था रूंगटा मैरिज हाउस और राजस्थान भवन में की गई है। आयोजन समिति के सदस्य लगातार सक्रिय हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

