Home » Jamshedpur news : टेल्को गुलमोहर हाईस्कूल में मेधा का सम्मान, ICSE-ISC के टॉपर्स को मिला भव्य अभिनंदन

Jamshedpur news : टेल्को गुलमोहर हाईस्कूल में मेधा का सम्मान, ICSE-ISC के टॉपर्स को मिला भव्य अभिनंदन

टॉप-10 में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टैबलेट और विशेष पुरस्कार प्रदान

by Arvind Shrivastava
Jamshedpur news
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गुलमोहर हाईस्कूल ने शनिवार को टाटा ऑडिटोरियम में फेलिसिटेशन सेरेमनी-2026 का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में ICSE एवं ISC बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स, जमशेदपुर के जनरल मैनेजर (प्लांट फाइनेंस) सतीश कदम थे।
विद्यालय की प्राचार्य प्रीति सिन्हा एवं उप-प्राचार्य अर्चना श्रीवास्तव की उपस्थिति में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समग्र व्यक्तित्व विकास की भी सराहना की गई।

जमशेदपुर के टॉप-10 में बनाई जगह           

इस वर्ष ICSE परीक्षा में आयशा ओझा ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं ISC विज्ञान संकाय में प्रियंका शाह ने 97.50 प्रतिशत और वाणिज्य संकाय में आशी कुमारी ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उल्लेखनीय है कि आयशा ओझा, प्रियंका शाह और आशी कुमारी ने जमशेदपुर के शीर्ष-10 मेधावी विद्यार्थियों में भी स्थान बनाया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष पुरस्कार

समारोह में चिन्मय गंगरास को ICSE में सर्वाधिक औसत अंक प्राप्त करने वाले छात्र के रूप में प्रतिष्ठित टाटा कमिंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं आयशा ओझा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिंसिपल्स अवार्ड प्रदान किया गया। विभिन्न विषयों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को रोलिंग ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।

औद्भिद्य पुरस्कार बना समारोह का आकर्षण 

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण प्रतिष्ठित औद्भिद्य पुरस्कार का वितरण रहा। यह सम्मान आयशा ओझा, चिन्मय गंगरास, शुभोमिता दास, आराध्या कुमारी, रोहन जगन्नाथन और खुशी कुमारी महतो को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ सामुदायिक सेवा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। सभी सम्मानित विद्यार्थियों को टैबलेट और प्रशस्ति पट्टिका भेंट की गई।

ज्ञान के साथ संस्कार भी जरूरी : सतीश कदम

मुख्य अतिथि सतीश कदम ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने में ही वास्तविक उपलब्धि निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

चरित्र और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी दिया संदेश

समारोह के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र, परिश्रम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का उत्साह देखने योग्य रहा।

Read Also- Jamshedpur news : टेल्को गुलमोहर हाईस्कूल में मेधा का सम्मान, ICSE-ISC के टॉपर्स को मिला भव्य अभिनंदन

Related Articles