Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर इतवार बाजार क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान रीना मछुवा के रूप में हुई है।पुलिस को 13 मई 2026 को सूचना मिली थी कि बाजार क्षेत्र में जमीन पर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले का सत्यापन कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। वादिनी के फर्दबयान के आधार पर मनोहरपुर थाना कांड संख्या-23/2026 दिनांक 14 मई 2026 को दर्ज किया गया।
विशेष छापामारी दल ने दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम अमित रेनू के निर्देश पर मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी चरण महली को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी चरण महली की आयु 35 वर्ष है। वह मूल रूप से ईटाम थाना रनियां, जिला खूंटी का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में मनोहरपुर बाजार में रह रहा था।
शराब के नशे में मारपीट से हुई मौत
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उसने अपनी दूसरी पत्नी रीना मछुवा की शराब के नशे में मारपीट के दौरान हत्या कर दी। आरोपी ने लात-घूंसे से हमला करने की बात कबूल की है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य किसी की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

