खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट और फैमिली के अलावा किसी और से मोहब्बत है तो वह है कार और बाइक। धोनी की कार और बाइक के प्रति दीवानगी के बहुत से किस्से हैं। धोनी की यह मोहब्बत और ज्यादा बढ़ रही है और हालिया उदाहरण उनकी 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की लग्जरी ऑफ-रोड एसयूवी मर्सिडीज बेंज जी-63 एएमजी है, जिसे उन्होंने हाल ही में खरीदी है।
धोनी ने खरीदी 3.5 करोड़ की मर्सिडीज बेंज जी63 एएमजी कार की नंबर प्लेट है खास
महेंद्र सिंह धोनी बीते दिनों रांची की सड़कों पर अपनी नई मर्सिडीज एसयूवी के साथ देखे गए, जिसे वह खुद ही ड्राइव कर रहे थे। ब्लैक कलर की मर्सिडीज बेंज जी63 धोनी का लग्जरी कारों के कलेक्शन में नई जुड़ी है। इसकी एक और खास बात इसका नंबर प्लेट है। रांची के इस नंबर प्लेट में 0007 लिखा है, जो 7 अंक से धोनी की मोहब्बत को दर्शाती है। हाल के महीनों में धोनी को कई मौकों पर विंटेज कारों के साथ देखा गया है। इन सबके साथ ही ऑफ-रोड एसयूवी से धोनी के लगाव का भी पता चलता है।
धोनी की गैराज में लैंड रोवर डिफेंडर, निसान जोंगा, जीप ग्रैंड चेरोकी समेत और भी ऑफ-रोड एसयूवी हैं। धोनी हार्डकोर ऑफ-रोडर्स को पसंद करते हैं, उनके गैराज में पूरी तरह से रिस्टोर्ड निसान जोंगा, हमर एच2 और जीप चेरोकी ट्रैकहॉक शामिल हैं। उनके पास फोर्ड मस्टैंग 1970 और पोंटिएक फायरबर्ड ट्रांस एम जैसी कुछ रेट्रो अमेरिकी मसल कारें भी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रोल्स रॉयस सिल्वर व्रेथ II के भी मालिक हैं।
कार की खासियत
नई मर्सिडीज-एएमजी जी63 में कई बदलाव हुए हैं। इसमें सिग्नेचर बॉक्सी डिज़ाइन, फुल-एलईडी सेटअप, हेडलैंप के चारों ओर गोलाकार डीआरएल और बोनट-माउंटेड टर्न इंडिकेटर्स और नया हेडलैंप क्लस्टर दिया है। वहीं इसमें 21 इंच के 7-स्पोक अलॉय व्हील्स, 241 मिमी की ग्राउंड क्लीयरेंस दिया है।
हुड के तहत, G63 में 4.0-लीटर बाई-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया है, जो 585 बीएचपी की पावर और 850 एनएम का पीक टॉर्क देता है। यह कार केवल 4.5 सेकंड में 0 से 100 किमी की रफ्तार पकड़ सकती है और इलेक्ट्रानिक रुप से इससे 220 किमी की स्पीड मिलेगी।
मर्सिडीज जी को ‘जी-वैगन’ के नाम से भी जाना जाता है
कार के साथ धोनी का वीडियो वायरल हो गया है। वह कार चला रहे थे और उनके साथ कार में एक अन्य शख्स भी बैठा था। मर्सिडीज जी क्लास को अक्सर ‘जी-वैगन’ नाम से भी जाना जाता है. यह लक्जरी और रोमांच का प्रतीक बन चुकी है। यह लाखों-करोड़ों लोगों की ड्रीम कार या ड्रीम एसयूवी है। ग्लोबल लेवल पर इसे बहुत पसंद किया जाता है।

