बॉलीवुड में इन दिनों आलिया भट्ट की फिल्म ‘जिगरा’ को लेकर माहौल गरम है। हाल ही में एक्ट्रेस और फिल्म प्रोड्यूसर दिव्या खोसला ने आलिया पर तीखा हमला बोला है। दिव्या ने आलिया पर इल्जाम लगाते हुए कहा है कि जिगरा के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के साथ हेरा-फेरी की गई है।
दिव्या ने दावा किया है कि आलिया भट्ट ने अपनी फिल्म ‘जिगरा’ के टिकट्स खुद ही खरीदे और फिर जनता को फेक कलेक्शन के नाम पर अपनी फिल्म की सक्सेस दिखाई। दिव्या ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर ये पोस्ट शेयर की थी। उन्होंने लिखा, “जिगरा शो के लिया सिटी मॉल PVR गई थी। थिएटर पूरा खाली था…सभी थिएटर्स खाली नजर आ रहे थे… #AliaBhatt में सच में बहुत #Jigra है। खुद ही टिकट्स खरीदे और फेक कलेक्शन अनाउंस कर दिए। तभी सोचती हूं कि पेड मीडिया इतनी चुप क्यों है। #weshdnotfooltheaudience #truthoverlies #HappyDussehra”

आलिया से दिव्या की क्या है दुश्मनी?
यह पोस्ट दिव्या की फिल्म ‘सावी’ और ‘जिगरा’ के एक जैसे होने की चर्चाओं के बाद आई है। सावी में दिव्या खोसला, हर्षवर्धन राणे और अनिल कपूर लीड रोल में हैं। यह फिल्म एक हाउसवाइफ के बारे में है जो अपने पति को इंग्लैंड की जेल से छुड़ाने की कोशिश कर रही है। वहीं ‘जिगरा’ में आलिया भट्ट का किरदार अपने भाई को जेल से छुड़ाने की कोशिश में है। जब दोनों फिल्मों की कहानी एक जैसी हो, तो थोड़ी बहुत कंट्रोवर्सी तो बनती है।
दिव्या खोसला के इस पोस्ट के बाद करण जौहर ने भी अपना रिएक्शन दिया था। हालांकि, इस बार उन्होंने बिना शोर-गुल के बड़े ही धीमे पांव, दिव्या के पोस्ट पर अपनी बात रखी। दिव्या के पोस्ट आने के कुछ ही समय बाद करण ने एक पोस्ट शेयर किया जिसमें लिखा था, “मूर्खों को दिया गया सबसे अच्छा जवाब मौन है।”
जिगरा का कलेक्शन?
11 अक्टूबर को रिलीज वासन बाला निर्देशित जिगरा की टिकट खिड़की पर धीमी शुरुआत हुई थी। ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श के मुताबिक जिगरा ने पहले दिन 4.55 करोड़ की कमाई की थी। वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 7.45 करोड़ था। शनिवार को फिल्म ने भारत में 6.55 करोड़ का कलेक्शन किया था। जिगरा, आलिया की अब तक की सभी सोलो हिट्स में से लोवेस्ट ओपनिंग वाली फिल्म रही है।

