प्रयागराज: महाकुंभ में पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने योगी सरकार की तारीफ की। संगम में स्नान के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान राकेश टिकैत ने महाकुंभ में साफ-सफाई और अच्छी सुरक्षा-व्यवस्था मुहैया कराने पर प्रदेश सरकार और सफाई कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। वहीं, अखिलेश यादव के महाकुंभ में सवाल उठाए जाने पर सपा मुखिया को करारा जवाब भी दिया।
राजनीति से दूर रहकर आएं कुंभ
अखिलेश यादव के सवाल पर टिकैत ने कहा कि अगर भीड़ नहीं है तो भीड़ भेज दें… यार रेल फ्री है, बस फ्री है, टोल फ्री है… जो आना चाहे आ जाए। राजनीति को दूर रखकर यहां आना चाहिए और हां… जो गंगा में डुबकी लगाए, वह नशा छोड़कर जरूर जाए। सभी के लिए संदेश है कि इस महाकुंभ से बुराई का त्याग करके जाएं।
अखिलेश यादव ने व्यवस्था पर उठाए थे सवाल
दरअसल, बीते दिनों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन को लेकर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। साथ ही महाकुंभ की भीड़ को लेकर सरकारी आंकड़े पर सवाल पूछा था। अखिलेश ने कहा कि सरकार का हर आंकड़ा फर्जी है, कुछ ट्रेनें खाली जा रही है, सुनने में ये भी आया है कि गोरखपुर वाली ट्रेन भी खाली गई है।
पर्यावरण से खिलवाड़ का भी लगाया था आरोप
अखिलेश यादव ने दावा किया था कि उनकी सरकार में कुंभ का आयोजन कम खर्चे में और अच्छा हुआ था। अखिलेश ने यह भी कहा था कि गंगा में ड्रेजर मशीन लगाकर पर्यावरण से खिलवाड़ किया जा रहा है।
अखिलेश ने हरिद्वार में लगाई थी डुबकी
हालांकि, इन सबके बीच अखिलेश यादव ने बीते मंगलवार को मकर संक्रांति पर हरिद्वार की गंगा में डुबकी लगाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्नान की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था-‘मकर संक्रांति के पावन पर्व पर लिया मां गंगा का आशीर्वाद।’ इसके बाद मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख ने कहा था कि कोलकाता तक गंगा बहती है, जो गंगा में जहां डुबकी लगाना चाहे वहां लगा सकता है, सभी जगह का अपना महत्व है। वहीं, प्रयागराज जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि संगम तब जाएंगे, जब मां गंगा बुलाएंगी।

