नई दिल्ली : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2025) में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए एक अहम सूचना है। जो छात्र फॉर्म भरने के दौरान किसी प्रकार की गलती कर बैठे हैं, उन्हें अब त्रुटि सुधारने का मौका मिल गया है। राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2025 के लिए करेक्शन विंडो (Correction Window) आज, 9 मार्च से खोल दी है। यह विंडो 11 मार्च 2025 रात 11:50 तक खुली रहेगी।
एनटीए ने अपने आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर करेक्शन लिंक सक्रिय कर दिया है। इस दौरान छात्र फॉर्म में की गई गलतियों को सुधार सकते हैं।
सुधार करने योग्य फील्ड्स
एनटीए ने यह भी जानकारी दी है कि आवेदन पत्र में किन-किन फील्ड्स में सुधार किया जा सकता है। करेक्शन करने के लिए निम्नलिखित फील्ड्स दिए गए हैं:
- पिता और माता का नाम, योग्यता/व्यवसाय
- शैक्षिक योग्यता विवरण (कक्षा 10 और 12)
- स्टेट ऑफ एलिजिबिलिटी
- कैटेगरी और सब कैटेगरी/ दिव्यांग
- सिग्नेचर
- NEET (UG) के अटेम्प्ट की संख्या
- पर्मानेंट और प्रेजेंट एड्रेस के आधार पर फील्ड्स में बदलाव
- एग्जामिनेशन सिटी सिलेक्शन
- मीडियम ऑफ द एग्जामिनेशन
करेक्शन कैसे करें?
NEET UG 2025 के फॉर्म में करेक्शन करने के लिए छात्रों को सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा। वेबसाइट के होम पेज पर LATEST NEWS में “Correction for NEET (UG)-2025 is LIVE!” पर क्लिक करें। फिर लॉगिन डिटेल्स दर्ज करें और आवश्यक फील्ड्स में सुधार करें। इसके बाद फॉर्म को सबमिट कर दें।
परीक्षा की तारीख
NEET UG 2025 का आयोजन 4 मई 2025 को किया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक होगा। छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए कुल 3 घंटे का समय दिया जाएगा। रिजल्ट की संभावित घोषणा 14 जून 2025 को की जा सकती है।
अगर छात्रों को किसी प्रकार की मदद या जानकारी की आवश्यकता हो, तो वे हेल्पडेस्क नंबर 011- 40759000/011- 69227700 पर संपर्क कर सकते हैं या neetug2025nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

