धनबाद: सादगी और जनहित के मुद्दों को लेकर अलग पहचान रखने वाली भाकपा-माले (CPI-ML) की छवि को झटका लगा है। झरिया के नुनुडीह स्थित गुरुदास चटर्जी मैदान में 31 मई की रात आयोजित क्रांति दिवस कार्यक्रम में उस समय माहौल बदल गया, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर बार बालाओं का डांस शुरू हो गया। कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ता बार बालाओं पर खुलेआम पैसे लुटाते नजर आए। यह नजारा तब देखने को मिला जब कार्यक्रम में मौजूद सांसद और विधायक आधी रात के बाद वहां से रवाना हो गए।
सांसद, विधायक के जाते ही बार बालाओं पर उड़ाये जमकर नोट
इस कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो और आरा से सांसद राजा राम सिंह जैसे भाकपा-माले के बड़े नेता शामिल हुए थे। इन नेताओं ने मंच से क्रांति, मजदूरों के अधिकार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जोरदार भाषण दिए। लेकिन नेताओं के जाते ही कार्यक्रम की दिशा ही बदल गई और मंच पर बार बालाओं के अश्लील डांस का दौर शुरू हो गया। इस दौरान कुछ लोग बार बालाओं पर जमकर नोट उड़ाते नजर आए।
जब इस पूरे मामले की जानकारी निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को हुई, तो उन्होंने घोर आपत्ति जताते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की बात कही।
पार्टी की छवि को लगा बड़ा धक्का
भाकपा-माले को आमतौर पर गरीबों, मजदूरों और वंचितों की आवाज के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रम में इस तरह का दृश्य सामने आना, पार्टी की सादगी और सिद्धांतों पर सवाल खड़ा कर रहा है।
स्थानीय लोगों और पार्टी समर्थकों में इस घटना को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई कार्यकर्ताओं ने इस घटना को पार्टी की नीति और मूल्यों के खिलाफ बताया है।

