लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 2025 बोर्ड परीक्षा के टॉपर छात्रों को सम्मानित करेंगे। यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को प्रेरित करेगा, बल्कि राज्य में शैक्षिक गुणवत्ता को भी नई ऊंचाई देगा।
166 छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
इस राज्य स्तरीय समारोह में UP Board, CBSE, ICSE और Sanskrit Education Board के टॉप 10-10 छात्रों को शामिल किया गया है। कुल 166 छात्रों को मुख्यमंत्री द्वारा 1-1 लाख रुपये नकद, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
75 जिलों में होंगे सम्मान समारोह
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ, सभी 75 जिलों में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में 758 हाईस्कूल और 750 इंटरमीडिएट छात्र-छात्राओं को ₹21,000 नकद, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल दिया जाएगा। यह सम्मान जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रभारी मंत्री प्रदान करेंगे।
सिर्फ सम्मान नहीं, मिलेगी नई सौगातें भी
मुख्यमंत्री योगी इस अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद और निदेशालय के नए भवन का भी शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा निम्नलिखित शैक्षणिक संस्थानों के नए भवन का उद्घाटन किया जाएगा:
- काशीराज संस्कृत विद्यालय, चकिया-चन्दौरी
- काशीराज संस्कृत महाविद्यालय, भदोही
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जगतनारायण रोड
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलिहाबाद
ड्रीम लैब से होगा कौशल विकास
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए TATA समूह के साथ MoU किया जाएगा। इसके तहत हर मंडल मुख्यालय में ड्रीम लैब स्थापित की जाएगी। इस पर लगभग ₹70 करोड़ की लागत आएगी।
खिलाड़ियों को भी मिलेगा सम्मान
68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 2024-25 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा:
- स्वर्ण पदक (एकल): ₹75,000
- स्वर्ण पदक (टीम): ₹35,000
- रजत पदक: ₹50,000 (जिला स्तर पर)
- कांस्य पदक: ₹30,000 (जिला स्तर पर)
राज्य के खिलाड़ियों ने इस बार कुल 179 पदक जीते हैं- जेमें 51 स्वर्ण, 46 रजत, और 82 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रदर्शन एथलेटिक्स, कुश्ती, ताइक्वांडो, जूडो, हॉकी, शूटिंग, कराटे समेत 20 से अधिक खेलों में रहा।

