गोरखपुर : मुंबई के एक नामी व्यापारी को गोरखपुर की पीपीगंज कस्बे की एक महिला ने वीडियो कॉल और अश्लील वीडियो के जरिए ऐसा फंसाया कि एक साल में उससे करीब ₹40 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित ने पीपीगंज थाने में सबूतों के साथ शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल?
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी एक महिला से फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। कुछ समय बाद महिला ने वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क बनाना शुरू किया। धीरे-धीरे बातचीत निजी होती चली गई और महिला ने आपत्तिजनक वीडियो और फोटोज शेयर किए। व्यापारी को भरोसे में लेकर कुछ स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी की गईं।
धमकी, डर और मानसिक दबाव से ₹40 लाख की वसूली
जब व्यापारी महिला के जाल में पूरी तरह फंस गया, तो उसने कहा कि उसका पति दोनों की बातचीत और वीडियो कॉल्स के बारे में जान गया है और अब पुलिस में एफआईआर कराने वाला है। डर और सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी ने पहले ₹2 लाख दिए, लेकिन ब्लैकमेलिंग का यह खेल लगातार एक साल तक चलता रहा। महिला ने हर बार नई कहानी बनाकर, कभी इज्जत बचाने के नाम पर, तो कभी पति की धमकी दिखाकर व्यापारी से 40 लाख रुपये की उगाही की।
सबूतों के साथ थाने पहुंचा पीड़ित
शुक्रवार को व्यापारी पीपीगंज थाने पहुंचा और कॉल रिकॉर्डिंग, चैट्स, वीडियो क्लिप और बैंक ट्रांजैक्शन जैसे सबूत पुलिस को सौंप दिए।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली है और तथ्यों की जांच की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील: इस तरह की ठगी से बचें
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वीडियो कॉल, सोशल मीडिया चैट और निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें। अनजान व्यक्तियों से नजदीकी बढ़ाने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की जांच कर लें और ब्लैकमेलिंग या ठगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।

