पलामू : जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेड़मा रांची रोड के पास स्थित एक तालाब में दो मौसेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा रविवार सुबह उस समय उजागर हुआ जब तालाब से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। दोनों बच्चे शनिवार दोपहर से लापता थे।
शनिवार से थे लापता, तालाब के किनारे मिले कपड़े
परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे शनिवार दोपहर से घर से गायब थे। जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान तालाब के पास दोनों के कपड़े बरामद हुए, जिससे शंका और गहराई।
रविवार सुबह मिली दोनों की लाशें
रविवार की सुबह पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश की गई, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। बच्चों की पहचान आपस में मौसेरे भाई के रूप में हुई है। दोनों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, डाली भेजा है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
थाना प्रभारी का बयान
थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों बच्चों के तालाब से शव बरामद कर लिया गया है। मामले की आगे की छानबीन की जा रही है।
क्या कहा परिजनों ने?
परिजनों ने बताया कि एक बच्चा रोजाना अपनी मौसी के घर दूध पहुंचाने जाता था, संभवतः उसी क्रम में दोनों बच्चे तालाब के पास पहुंचे और यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

