
चाईबासा (झारखंड): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के सरबिजा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। तालाब में डूबने (West Singhbhum Drowning Case) से 11 वर्षीय हसीता दास की मौत हो गई।
कैसे हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, हसीता दास सुबह करीब 9 बजे ट्यूशन पढ़कर अपनी दो सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। रास्ते में तालाब में खिले कमल को तोड़ने के लिए वह पानी में उतरी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई।
सहेलियों ने दी सूचना
घटना को देख दोनों सहेलियां तुरंत गांव पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हसीता को तालाब से बाहर निकाला।
अस्पताल में हुई पुष्टि
गंभीर हालत में हसीता को परिजन चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह गांव के ही स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी।
गांव में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं।

