नई दिल्ली/जमशेदपुर : झारखंड के लिए यह गर्व का क्षण है। देश के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों की भीड़ में सरायकेला-खरसावां जिले का चौका थाना अपनी कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनसेवा के दम पर पूरे भारत में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। गृह मंत्रालय की ‘रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन 2025’ में यह उपलब्धि झारखंड पुलिस की सशक्त पहचान बनकर उभरी है।
यह रैंकिंग गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी “रैंकिंग ऑफ पुलिस स्टेशन 2025” की वार्षिक रिपोर्ट में दी गई है। खास बात यह है कि चौका थाना ने न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, बल्कि झारखंड राज्य में पहला स्थान भी हासिल किया है।
इन मानकों पर हुआ पुलिस थानों का मूल्यांकन
गृह मंत्रालय के निर्देश पर एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा ग्राउंड सर्वे के माध्यम से पुलिस स्टेशनों का मूल्यांकन किया गया। इस सर्वे में कई अहम और व्यावहारिक मानकों को शामिल किया गया, जिनमें-
-CCTNS (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) डेटाबेस की समीक्षा
-अपराध के आंकड़े और केस डिस्पोजल
-महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों पर कार्रवाई
-चार्जशीट दाखिल करने की दक्षता
-थाने का बुनियादी ढांचा और स्वच्छता
-आईटी संसाधन, डिजिटल रिकॉर्ड और फोरेंसिक सहयोग
-पुलिस संचार व्यवस्था
-नागरिकों का फीडबैक
-पुलिस कर्मियों का आमजन के प्रति व्यवहार
-प्रोएक्टिव पुलिसिंग इनिशिएटिव्स
जैसे व्यापक और तकनीकी बिंदुओं पर गहन मूल्यांकन किया गया। इन सभी पैमानों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौका थाना ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
झारखंड पुलिस की कार्यक्षमता का प्रमाण
इस उपलब्धि को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने चौका थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो, वहां पदस्थापित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक थाने की सफलता नहीं है, बल्कि पूरे सरायकेला-खरसावां पुलिस बल और झारखंड पुलिस की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है।
एसपी ने कहा कि चौका थाना को भारत में चौथा और झारखंड में पहला स्थान मिलना गर्व की बात है। यह उपलब्धि जिले की पुलिस टीम के सामूहिक प्रयास, कड़ी मेहनत और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है।
‘सेवा ही लक्ष्य’ की सोच को मिली पहचान
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि यह रैंकिंग पुलिस को और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। झारखंड पुलिस “सेवा ही लक्ष्य” के सिद्धांत पर लगातार काम कर रही है और भविष्य में नागरिकों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और भरोसेमंद पुलिसिंग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस सफलता के लिए जिले के नागरिकों को भी धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि पुलिस-जन सहयोग के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
Read Also- Dhanbad-Road-Accident : धनबाद के राजगंज में ट्रक से टकराई कार, दो की मौत

