Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नव वर्ष 2026 के मौके पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नया साल केवल कैलेंडर का बदलाव नहीं, बल्कि वीर पुरखों के सपनों के झारखंड के निर्माण की दिशा में एक और मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2025 में झारखंड राज्य आंदोलन से जुड़े दिशाेम गुरुजी शिबू सोरेन और महान आंदोलनकारी रामदास सोरेन का इस दुनिया से जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। आज वे प्रकृति की गोद से झारखंड को आशीर्वाद दे रहे हैं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि बीते वर्षों में झारखंड ने संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की लंबी यात्रा तय की है। इस सफर में आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवाओं की भूमिका बेहद अहम रही है। सरकार ने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब युवा झारखंड का लक्ष्य और अधिक स्पष्ट है-2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण। इस संकल्प के साथ अबुआ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी-रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकारों को केंद्र में रखकर नीतियां लागू करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड रूपी विशाल वृक्ष की जड़ों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। यही सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कामना की कि नव वर्ष 2026 सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

