Gumla: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रा गांव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 46 वर्षीय व्यक्ति ने ससुराल के बागान में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विजय कुजूर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जशपुर थाना क्षेत्र के पैकु गांव का निवासी था।
परिजनों के अनुसार विजय कुजूर पिछले करीब पांच वर्षों से अपने ससुराल हर्रा गांव में रह रहा था। बुधवार दोपहर से उसके अचानक लापता होने के बाद परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। शुक्रवार रात उसके ससुर जूलियस तिग्गा ने अपने बागान में स्थित पुटकल पेड़ पर विजय का शव फंदे से झूलता देखा, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही जशपुर से मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि विजय की मानसिक स्थिति बीते कुछ समय से ठीक नहीं थी और शराब सेवन के बाद उसकी हालत और बिगड़ जाती थी। उन्होंने यह भी बताया कि विजय पूर्व में कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पारिवारिक जीवन भी संघर्षों से भरा रहा। उसकी पत्नी सेलिना तिग्गा और दो पुत्र कई वर्षों से रोजगार के सिलसिले में कोलकाता में रह रहे हैं, जबकि विजय ससुराल में ही निवास करता था।
शनिवार सुबह सूचना मिलने पर एसआई राजेंद्र मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर पुलिस ने प्रारंभिक पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

