Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस रोड से नजरिया स्कूल होते हुए गुरुद्वारा रोड को जोड़ने वाली सड़क पर निर्माण के समय लगे शिलापट्ट को तोड़ दिया गया है। इससे कांग्रेस के नेताओं में आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पता चले कि यह शिलापट किसने तोड़ा है। कहा जा रहा है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इस शिलापट्ट को तोड़ा है।
यह सड़क पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रयासों से बनाई गई थी और इसका उद्घाटन भी उन्हीं ने किया था। योजना से संबंधित शिलापट्ट नजरिया स्कूल की दीवार पर लगाया गया था। कहा जा रहा है कि इसे तोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।इस घटना के विरोध में शनिवार को कांग्रेस पार्टी के मानगो नगर निगम क्षेत्र के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह गुड्डु के नेतृत्व में मानगो थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने शिलापट्ट तोड़े जाने को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थाना पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से बलजीत सिंह, बलदेव सिंह, बंटी गिरी, कल्लू सिंह, अनिल सिंह, नौशाद, जयदेव शर्मा, जोगिंदर, शिशु गोप, गोपाल यादव, बमबम पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष मानगो राकेश दास, सरफराज खान, सन्नी औरंग सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

