जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) एवं उसके अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में सीनेट सदस्य पद के लिए गुरुवार को चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यह चुनाव विश्वविद्यालय के 10 कॉलेजों और विवि के दो विभागों में एक-एक शिक्षक पद के साथ ही शिक्षकेत्तर कर्मचारी वर्ग के एक पद के लिए आयोजित किया गया था। हालांकि कई पदों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे, जिस कारण केवल चार कॉलेजों, विश्वविद्यालय के एक विभाग और शिक्षकेत्तर कर्मचारी वर्ग के एक पद के लिए ही मतदान कराया गया।
गुरुवार को को-ऑपरेटिव कॉलेज, एलबीएसएम कॉलेज, टाटा कॉलेज चाईबासा, महिला कॉलेज चाईबासा और कोल्हान विश्वविद्यालय में शिक्षक वर्ग के लिए मतदान हुआ। इसके साथ ही सभी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारी वर्ग के लिए भी मतदान प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसके बाद शाम में मतगणना कर शिक्षक वर्ग के विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की गई।
जारी परिणामों के अनुसार, को-ऑपरेटिव कॉलेज से डॉ. अमर कुमार ने 10 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि डॉ. अंतरा कुमारी को 7 मत मिले। एलबीएसएम कॉलेज में डॉ. विनय गुप्ता 6 मतों के साथ विजयी हुए और डॉ. विनोद कुमार को 4 मत प्राप्त हुए। टाटा कॉलेज चाईबासा से डॉ. ब्रजेश कुमार तथा महिला कॉलेज चाईबासा से डॉ. डोरिस मिंज सीनेट सदस्य निर्वाचित हुए। वहीं कोल्हान विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान (मानविकी/सामाजिक विज्ञान) विभाग से डॉ. मनमथ नारायण सिंह सीनेट सदस्य चुने गए।
कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार शिक्षकेत्तर कर्मचारी वर्ग के सीनेट चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसकी मतगणना 24 जनवरी को की जाएगी और उसी दिन परिणाम जारी किया जाएगा। नवनिर्वाचित सभी सीनेट सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 27 जनवरी को दोपहर 1 बजे आयोजित होगा।
विजयी सदस्यगण
- डॉ. विनय कुमार गुप्ता — राजनीति विज्ञान, एलबीएसएम कॉलेज, जमशेदपुर
- डॉ. अमर कुमार — प्राणीशास्त्र, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज
- डॉ. डोरिस आई. एल. मिंज — मनोविज्ञान, महिला कॉलेज, चाईबासा
- डॉ. बृजेश कुमार — रसायन शास्त्र, टाटा कॉलेज, चाईबासा
- डॉ. मनमथ नारायण सिंह — राजनीति विज्ञान, मानविकी/सामाजिक विज्ञान
ये निर्विराेध चुने गए
- डॉ. संजीव कुमार बिरुली — विधि, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज
- डॉ. नजरुल इस्लाम — रसायन शास्त्र, जे.एल.एन. कॉलेज, चक्रधरपुर
- डॉ. अनिल चंद्र पाठक — वाणिज्य, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज
- डॉ. जयंती कुमारी — मनोविज्ञान, एबीएम कॉलेज, जमशेदपुर
- डॉ. ज्योतिष कुमार सिंह — वाणिज्य, सिंहभूम कॉलेज, चांडिल
- डॉ. भारती कुमारी — हिंदी, द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमेन, जमशेदपुर
- डॉ. अंजना प्रेम बंदना खलखो — प्राणीशास्त्र, साइंस/कॉमर्स

