RANCHI: राज्य निर्वाचन आयुक्त झारखंड अलका तिवारी ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और इस ऐतिहासिक दिन की स्मृति में वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। इस दिवस का उद्देश्य मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाना है।
आर्यभट्ट सभागार में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘माई इंडिया माई वोट’ टैगलाइन ‘इंडियन सिटीजन ऐट द हार्ट आफ इंडियन डेमोक्रेसी’ निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार जागरूक, निर्भीक और जिम्मेदार मतदाता है।
निर्वाचन आयोग कर रहा प्रयास
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन तथा जाति, धर्म, भाषा और समुदाय से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए निर्वाचन आयोग सतत प्रयास कर रहा है। आयोग नवाचार और आधुनिक तकनीक के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को अधिक समावेशी और सुगम बना रहा है। उन्होंने मतदाता पंजीकरण को एक सतत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए चार अर्हता तिथियां 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों के अनुसार 18 वर्ष पूर्ण करने वाले नागरिक सरलता से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी, थर्ड जेंडर सहित सभी वर्गों के मतदाताओं के लिए आयोग समान सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
राज्य में 2886 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब
मतदाता जागरूकता के लिए राज्य में 2886 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब और प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला की स्थापना की गई है। वहीं मतदाता सूची को अपेडट करने में 966 वोटर अवेयरनेस फोरम सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार के प्रयोग के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर या आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आयोग द्वारा शुरू की गई बुक ए कॉल सुविधा के तहत मतदाता 48 घंटे के भीतर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का प्री-रिवीजन पीरियड चल रहा है, जिसमें 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर जानकारी सत्यापित करेंगे और मकानों पर स्टीकर लगाएंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ, युवा एवं ट्रांसजेंडर मतदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन मतदाता शपथ के साथ हुआ।
READ ALSO: Ramgarh News : गणतंत्र दिवस पर संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन, बढ़ी मतदाता जागरूकता

