Home » Jamshedpur Republic Day : गोपाल मैदान में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने शान से फहराया तिरंगा, निकलीं खूबसूरत झांकियां, परिवहन विभाग अव्वल

Jamshedpur Republic Day : गोपाल मैदान में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने शान से फहराया तिरंगा, निकलीं खूबसूरत झांकियां, परिवहन विभाग अव्वल

परेड हुई और तिरंगे को सलामी दी गई। डीसी कर्ण सत्यार्थी ने इस मौके पर अपने संबोधन में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिला के मुख्यालय जमशेदपुर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में शहर का सबसे बड़ा व जिलास्तरीय कार्यक्रम सोमवार को सुबह आयोजित हुआ। इसमें देश का तिरंगा झंडा पूरी शानो-शौकत के साथ फहराया गया। डीसी कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को सुबह 9.05 बजे तिरंगा फहराया। इसके बाद परेड हुई और तिरंगे को सलामी दी गई। डीसी कर्ण सत्यार्थी ने इस मौके पर अपने संबोधन में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

उन्होंने बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, चांद-भैरव आदि सेनानियों के बारे में लोगों को जानकारी देते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने की बात कही।इसके साथ ही, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी याद किया। डीसी ने कहा कि शिबू सोरेन के संघर्ष से ही राज्य की स्थापना हुई थी।डीसी ने पूर्वी सिंहभूम जिले के विकास में प्रशासनिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि जमशेदपुर के सदर अस्पताल में पहली बार सिकल सेल एनीमिया लैब की स्थापना हुई है। 100 बेड का फैब्रिकेटेड अस्पताल बनाया गया है।

प्रोजेक्ट उल्लास के तहत जिले में मिर्गी रोगियों को चिह्नित कर उनका उपचार किया जा रहा है। अब तक 1000 से अधिक मिर्गी रोगी चिह्नित किए जा चुके हैं। डीसी ने बताया कि जिले में फाइलेरिया के मरीजों का भी इलाज किया जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक 81 हजार सिकल सेल जांच की जा चुकी है। 8 लाख 50 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सदर अस्पताल में 835 से अधिक मरीजों का डायलिसिस किया जाता है। इसके बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में होने वाले कार्यों की जानकारी दी।

डीसी ने बताया कि सिकुई-दिकुई योजना के तहत छात्रों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। मनरेगा योजना के तहत 24 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 50 हजार 159 प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य है। इसमें से 47,176 आवास बनाए जा चुके हैं। आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को संगठित कर सखी मंडल बनाए जा रहे हैं और इस तरह महिला सशक्तीकरण का कार्य हो रहा है। डीसी ने बताया कि फूलो-झानो योजना के तहत 9920 लोगों को बकरी पालन योजना से जोड़ा गया है।

147 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। 331 लाभुकों को रोजगार सृजन योजना के तहत लोन दिया गया है। कृषि क्षेत्र में भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। 3200 किसानों को कृषि ऋण दिया गया है। ताकि वह खेती कर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें।

स्वास्थ्य विभाग की झांकी का खूबसूरत संदेश

डीसी के संबोधन के बाद झाकियां निकाली गईं। इसमें परिवहन विभाग की झांकी को पहला स्थान मिला। परिवहन विभाग की झांकी में दिखाया गया था कि सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें। जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते, उनके साथ दुर्घटना होती है और फिर किस तरह वह मुसीबत का शिकार होते हैं।

इसे एक छोटे से नाटक के माध्यम से प्रदर्शित कर दिखाया गया। दूसरा स्थान शिक्षा विभाग की झांकी को मिला और तीसरे स्थान पर समाज कल्याण विभाग की झांकी थी। इसके अलावा, टाटा मोटर्स, सिविल डिफेंस, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, शिक्षा परियोजना और ग्रामीण विकास विभाग की झांकियां भी निकाली गईं।

परेड में जिला महिला पुलिस अव्वल

परेड में जिला महिला पुलिस को पहला स्थान मिला। दूसरे स्थान पर जैप-6 की प्लाटून रही और तीसरा स्थान डिस्ट्रिक्ट आर्म्ड पुलिस (जैप) को मिला। डीसी ने झारखंड के आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया।

Related Articles