Giridih: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र से अपहृत दो नाबालिगों को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।बताते हैं कि 23 जनवरी को एक नाबालिग के पिता ने तिसरी थाना में अपहरण की शिकायत दर्ज कराते हुए बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई थी।
मामला दर्ज होते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इसमें थाना प्रभारी रंजय कुमार समेत तिसरी थाना पुलिस के जवान शामिल थे।तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक पहुंची। वहां डुमरी टोल टैक्स के पास ट्रक चालक अमित कुमार, मुख्य अपहरणकर्ता छोटे लाल और एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने नाबालिगों के ठिकाने की जानकारी दी।इसके बाद, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया और तिसरी थाना ले आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फर्रुखाबाद निवासी छोटे लाल और पटियाली के नगला निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों के पास से मोबाइल फोन और प्लास्टिक दाना लदा एक ट्रक भी जब्त किया गया है।एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी के साथ कार्रवाई की गई। इससे बच्चों को सुरक्षित वापस लाया जा सका। फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Read also Ranchi News: दावोस-यूके दौरे से लौटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

