जमशेदपुर : इंडियन सुपर लीग की वापसी ‘द फर्नेस’ में शानदार अंदाज़ में हुई, जहां जमशेदपुर एफसी ने कड़े मुकाबले में मोहम्मडन एससी को 1-0 से शिकस्त दे दी। मदीह तालाल के पहले हाफ में किए गए गोल ने इस मुकाबले का फैसला किया और ‘मैन ऑफ स्टील’ ने अपने अभियान की शुरुआत पूरे तीन अंकों के साथ की।

इंडियन सुपर लीग के इस मुकाबले में जेआरडी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का माहौल किक-ऑफ से ही जोशीला नजर आया। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक शुरुआत की। मिडफील्ड में तालाल बेहद सक्रिय दिखे और अपने खेल से लगातार विरोधी डिफेंस को भेदने की कोशिश करते रहे।
मैच के तीसरे मिनट में ही तालाल ने गेंद छीनकर मेसी बावली को पास दिया, लेकिन उनका प्रयास गोल से थोड़ा ऊपर निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद बावली ने तंग एंगल से शॉट लिया, जो बार के ऊपर चला गया।
आठवें मिनट में आखिरकार सफलता मिल गई। मिडफील्ड से गेंद पाकर तालाल ने पूरे भरोसे के साथ आगे बढ़ते हुए शानदार फिनिश किया और गेंद को जाल में डाल दिया। इस गोल के साथ पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा और जमशेदपुर एफसी 1-0 से आगे हो गई।
32वें मिनट में जमशेदपुर ने बढ़त दोगुनी करने की कोशिश की, जब सनान मोहम्मद के सटीक क्रॉस पर बावली ने हेडर से गोल किया, लेकिन रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार देते हुए रद कर दिया। इसके बाद खेल की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई और दोनों टीमें संभलकर खेलने लगीं।
दूसरे हाफ में भी खेल जमशेदपुर एफसी के काबू में रहा। 65वें मिनट में मुख्य कोच ओवेन कावेल ने मिडफील्ड में नई ऊर्जा लाने के लिए निकोला को मैदान पर उतारा।
इसके बाद ‘मैन ऑफ स्टील’ ने आक्रमण तेज किया और लगातार दूसरे गोल की तलाश में दबाव बनाया, लेकिन अंतिम पास और फिनिश में कमी रह गई। डिफेंस में जमशेदपुर एफसी पूरी तरह एकजुट रही। जिससे मोहम्मडन एससी को ज्यादा मौके नहीं मिल सके।
आखिरकार तालाल का शुरुआती गोल ही निर्णायक साबित हुआ और जमशेदपुर एफसी ने क्लीन शीट के साथ जीत दर्ज की। घरेलू मैदान पर आठ मुकाबले अभी बाकी हैं और इस जीत से मिली लय के साथ टीम ‘द फर्नेस’ को एक बार फिर किला बनाने की कोशिश करेगी।
अब जमशेदपुर एफसी अपना अगला मुकाबला 21 फरवरी को इसी मैदान पर पंजाब एफसी के खिलाफ खेलेगी।
Read Also: Jamshedpur Sports News: टाटा स्टील की टीम ने जीती अस्मिता खेलो इंडिया गर्ल्स बास्केटबॉल लीग 2025-26

