RANCHI: नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने एक अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी की। इतना ही नहीं वहां से 15 हजार लीटर से अधिक स्पिरिट और अंग्रेजी शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई, जिसमें उत्पाद विभाग को जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब बनाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त (उत्पाद) उमाशंकर सिंह के निर्देश पर विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया और शनिवार को छापेमारी कर अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया।
छापेमारी के दौरान स्पिरिट के ड्रम, शराब पैकिंग सामग्री, बोतलें, ढक्कन, लेबल और अन्य शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस फैक्ट्री से बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। अब उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह अवैध फैक्ट्री किसके द्वारा संचालित की जा रही थी और इसके पीछे कौन सा सिंडिकेट था। प्रशासन ने यह भी कहा है कि नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ अभियान को तेज किया गया है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।
READ ALSO: Jamshedpur Crime: पुलिस ने जुगसलाई से मनीष सिंह गिरोह के दो बदमाशों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार

