Jamshedpur : नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार को गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के लिए गठित पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। अब सोमवार 23 फरवरी को सुबह सात बजे से मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया में मतदान होगा। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। पांच बजे तक जितने लोग मतदान केंद्रों पर कतार में लग जाएंगे उन सबकी वोटिंग कराई जाएगी।

डिस्पैच प्रक्रिया के दौरान कर्ण सत्यार्थी जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान सामग्री, मतपेटिका और अन्य आवश्यक संसाधनों के सुव्यवस्थित वितरण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पोलिंग पार्टियों से संवाद कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया।
सेक्टर अधिकारियों को बताए गए नियम
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी हर एक गतिविधि में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग में मतदान दिवस को सुगम बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
281 केंद्रों को रवाना हुए हैं पोलिंग दल
चाकुलिया नगर पंचायत के 18 मतदान केंद्रों, जुगसलाई नगर परिषद के 41 तथा मानगो नगर निगम के 190 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को बूथ आवंटित कर दिया गया। प्रत्येक बूथ के लिए पांच-पांच पोलिंग पार्टियां निर्धारित की गई हैं।
आकस्मिक हालात से निपटने के लिए 32 अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों का भी गठन किया गया है। इनमें चाकुलिया के लिए पांच, जुगसलाई के लिए आठ और मानगो के लिए 19 अतिरिक्त पोलिंग पार्टियां शामिल हैं।

