RANCHI: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में टीपीसी के नाम पर ईंट भट्ठा व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई है। इस बाबत कारोबारी विजय कुमार साह ने ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है शिकायत में
शिकायत में बताया गया है कि 16 अप्रैल को सुबह साढ़े 11 बजे एक अज्ञात वाट्सएप पर संदेश भेजा गया। इसके बाद 17 अप्रैल को दोपहर पौने दो बजे उसी नंबर से संपर्क कर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। रंगदारी मांगने वाले खुद को टीपीसी संगठन के अरुण जी के नाम पर धमकी दी कि यदि रंगदारी की रकम नहीं दी जाती है तो उन्हें परिवार समेत जान से मार दिया जाएगा।
उन्होंने पुलिस को बताया कि अपराधी उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। इस संबंध में ओरमांझी थानेदार शशि भूषण चौधरी ने बताया कि यह मामला दो दिन पहले का है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। रंगदारी की मांग उग्रवादी संगठन ने की है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।

