रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आज से अगले दो दिनों के दौरान आंशिक बादल, मेघगर्जन और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच यह बदलाव लोगों को राहत दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल राज्य के 14 जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 और 26 फरवरी को अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में आंशिक बादलों के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा।

जानें किन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में वर्षा की संभावना है। इसके अलावा राज्य के मध्य भाग के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद जिलों में भी कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। यह प्रणाली मुख्य रूप से राज्य के निकटवर्ती मध्य और दक्षिणी हिस्सों को प्रभावित करेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन अब बादलों की सक्रियता बढ़ने के संकेत हैं।
पहले बढ़ोतरी, फिर गिरावट
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद 25, 26 और 27 फरवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। तापमान में यह उतार-चढ़ाव मौसम को सुहाना बनाए रखेगा। सुबह के समय कुहासा और दिन में हल्के बादल छाए रहने की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रांची का चार दिन का तापमान अनुमान
राजधानी रांची के लिए अगले चार दिनों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहने का अनुमान है। आज अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कल अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रह सकता है। परसों को अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 26 फरवरी को अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज हो सकता है।
Read Also- Jharkhand Weather Today : झारखंड में काले बादलों की आवाजाही, जानें किन जिलों में बारिश का अलर्ट

