Palamu : ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की इजराइल और यूएस की स्ट्राइक में मौत की खबर के विरोध में रविवार की देर शाम हुसैनाबाद में शिया समुदाय ने कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च सदर इमामबाड़ा से शुरू होकर जेपी चौक तक गया, जहां यह संपन्न हुआ।
मार्च का नेतृत्व हुसैनाबाद के मुतवल्ली तकी हुसैन रिजवी, मौलाना सैयद शाजिर रिजवी, सैयद शमीम हैदर, मुस्वी राजा, शेर अली, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, इकबाल, नेहाल मिर्जा व राज अली सहित अन्य लोग कर रहे थे। इस दौरान सैकड़ों लोग सदर इमामबाड़ा परिसर में एकत्र हुए और हाथों में कैंडल लेकर शोक जताया।
जुलूस में शामिल लोगों ने खामेनेई की तस्वीरें भी ले रखी थीं तथा यूएस और इजराइल के खिलाफ नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद द्वारा तीन दिन के शोक की घोषणा किए जाने की जानकारी दी गई।
मुतवल्ली तकी हुसैन रिजवी ने मुस्लिम समुदाय एवं मानवाधिकार समर्थकों से शांति एवं एकजुटता के साथ विरोध दर्ज कराने की अपील की। कैंडल मार्च में शब्बीर हुसैन, मोहम्मद हुसैन, जज्जू खान, शमीम कुरैशी, मिथुन समेत बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग शामिल थे।
–

