RANCHI: रांची में अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए रांची नगर निगम ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासक सुशांत गौरव के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों और व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थित भवनों की जांच की जा रही है। नगर निगम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी भवन स्वीकृत नक्शे, निर्धारित नियमों और भवन उपविधियों के अनुरूप बने हों।
डीआरएमटी ने किया निरीक्षण
नगर निगम की डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम (डीआरएमटी) ने शहर के प्रमुख मार्गों जैसे एचबी रोड, मेन रोड और सर्कुलर रोड पर स्थित कई व्यवसायिक और आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वीकृत भवन प्लान, सेटबैक एरिया के उल्लंघन, गिफ्ट डीड के अंतर्गत भूमि पर अवैध कब्जा समेत अन्य निर्माण संबंधी विसंगतियों की गहन जांच की गई।
एचबी रोड पर आई केयर ऑप्टिकल शॉप, तपुरा कॉम्प्लेक्स, यूनिवर्सल हेल्थ क्लब, न्यू दिल्ली स्वीट्स, होटल राज, दुर्गा टावर, आनंद कॉम्प्लेक्स, कैलाश एनक्लेव, गणेश प्लाजा, शिवांगी अपार्टमेंट, काली टावर, कोरल टावर, होटल रॉयलसन और होटल आर्या समेत कई भवनों की जांच की गई। वहीं सर्कुलर रोड पर इंडसइंड भवन, खादिम शोरूम, पासा हाउस, श्याम सुंदर चांदीवाला, रांची मटन ढाबा और एसबीआई लालपुर भवन की जांच की गई।

कई भवनों में मिली अनियमितता
इसके अलावा मेन रोड पर पंचरत्न गैलेरिया, होटल पर्ल, विशाल मेगा मार्ट, होटल फाउंटेन, दिलखुश बार एंड रेस्टोरेंट और वैन ह्यूसेन शोरूम सहित कई भवनों का निरीक्षण किया गया। बिरसा चौक से हिनू चौक तक योगी सुपर मार्ट, वी मार्ट, मारुति सुजुकी नेक्सा, कमला स्वीट्स, स्वपन स्वीट्स और श्रृष्टि हॉस्पिटल समेत कई भवनों की भी जांच की गई। जांच के दौरान कई भवनों में निर्माण से जुड़ी संभावित अनियमितताएं सामने आई हैं।
नगर निगम की टीम ने संबंधित भवन मालिकों को निर्देश दिया है कि वे अपने भवन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज तीन दिनों के भीतर सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में दस्तावेज नहीं देने पर झारखंड भवन उपविधि 2016 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नॉन ओवन कैरी बैग उत्पादन यूनिट
इसी बीच नगर निगम ने शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में भी पहल की है। अटल स्मृति वेंडर मार्केट और नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट में नॉन ओवन कैरी बैग उत्पादन यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके संचालन के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की दो टीमों का गठन किया गया है। प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं को मशीन संचालन का प्रशिक्षण देने और बैग के उत्पादन, गुणवत्ता व मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। यह पहल महिलाओं को रोजगार देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगी।
लाइसेंस शुल्क के लिए विशेष कैंप
वहीं अपर बाजार क्षेत्र में लाइसेंस शुल्क जमा करने के लिए 9 से 11 मार्च तक विशेष कैंप लगाया जाएगा, जहां दुकानदार अपना बकाया किराया शुल्क जमा कर सकेंगे। नगर निगम ने सभी अनुज्ञप्तिधारियों से समय पर शुल्क भुगतान करने की अपील की है।

