Jamshedpur : जमशेदपुर में इन दिनों एक बेहद अनोखी और दुर्लभ नस्ल की गाय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। शहर के रहने वाले मोहित गुप्ता द्वारा लाई गई ‘मिनी’ यानी मिनिएचर पुंगनूर नस्ल की गाय अपने छोटे आकार के कारण हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही है।
करीब डेढ़ फीट ऊंचाई और महज 20 से 25 किलो वजन वाली यह गाय दुनिया की सबसे छोटी गायों में गिनी जाती है। ‘गौरी’ नाम की इस गाय के साथ उसका बछड़ा ‘गोपाल’ भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
मोहित गुप्ता ने बताया कि वह इस दुर्लभ नस्ल को दक्षिण भारत से लेकर आए हैं, जहां इसे पारंपरिक तरीके से पाला जाता है। उनका कहना है कि उनका मकसद केवल इस गाय को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि लोगों को देसी नस्लों के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि पुंगनूर नस्ल की यह गाय कम चारा खाती है और कम जगह में भी आसानी से पाली जा सकती है, जो शहरी क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
छोटे आकार के बावजूद यह गाय रोजाना लगभग एक लीटर तक दूध देने की क्षमता रखती है। इस दूध में वसा की मात्रा अधिक होती है, जिसे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है।
फिलहाल 12 महीने की ‘गौरी’ आने वाले समय में दूध देने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। भविष्य में गोसेवा और देसी नस्लों के संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में काम करने की योजना भी बनाई जा रही है।
वर्तमान में ‘गौरी’ को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और यह गाय शहर में जिज्ञासा और खुशी का कारण बनी हुई है।

