Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपोड़ा गांव स्थित स्वर्ण रेखा नदी किनारे बालू से निकले बम का सोमवार को सेना के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। थल सेना के अधिकारी बम का जायजा लेने पहुंचे। उनके साथ रांची का बम निरोधक दस्ता भी मौजूद था।
सेना के अधिकारियों ने बम का तकनीकी मुआयना किया है। इसके अलावा, नदी के आसपास का भी जायजा लिया गया है। इस दौरान नदी किनारे से बम का एक खोखा भी मिला है। सेना के विशेषज्ञों का कहना है कि बम काफी शक्तिशाली है। इसे डिफ्यूज करने के लिए विशेष संसाधनों की जरूरत होगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि बम डिफ्यूज करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। इसके लिए, एक रणनीति तैयार की जा रही है। सेना के अधिकारियों ने ड्रोन के जरिए इलाके का जायजा लिया। बम कहां मिला। नदी से उसकी कितनी दूरी थी। अभी बम को कहां रखा गया है। हर चीज की मापी की गई है।
बम जहां मिला है उस स्थल की घेराबंदी
जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिए बम के चारों तरफ घेराबंदी कर दी है। उधर, किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों को निर्देश दिया गया है कि नदी की तरफ कोई न जाए। मछली मारने वालों, मवेशी चराने वालों आदि पर बम की साइट की तरफ जाने की पाबंदी लगा दी गई है।
बम किस देश का बना है
दूसरी तरफ, लोग यह जानना चाहते हैं कि यह बम किस देश का बना हुआ है। यहां कैसे आया। अधिकारियों का कहना की पूरी जांच पड़ताल के बाद इसका खुलासा होगा कि बम किस देश का बना हुआ है और यहां कैसे आया।

