धनबाद : झारखंड के धनबाद में मंगलवार की रात एक काॅलोनी में आग लग गई, जिससे आधी रात में अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह काॅलोनी के एक घर में आग लग गई थी। स्थानीय निवासी भोला पांडेय नामक व्यक्ति के घर में शाॅर्ट सर्किट से आग भड़क उठी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा घर आग की चपेट में आ गया। हालांकि समय रहते घर के सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक, घर के एक कमरे से अचानक धुआं उठता देख परिवार के लोग घबरा गए। कुछ ही देर में फर्नीचर और कपड़े में आग लग गई। इस पर परिवार के लोग चीखने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें शांत नहीं हो पाईं। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंची। संकरी गली और अंधेरे के कारण शुरुआत में राहत कार्य में परेशानी हुई, लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।
अग्निकांड में सोफा, बेड, टीवी समेत घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट को ही माना जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। अग्निशमन विभाग के प्रभारी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि आग बुझा ली गई है। प्रारंभिक छानबीन में आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट की आशंका है। कितने की क्षति हुई है, यह घर के लोग ही बता सकते हैं।
Read Also- Koderma Accident News : कोडरमा की घाटी में पलट गया दाल से लदा ट्रक, खबर फैलते ही लूटने की मच गई होड़

