RANCHI: रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में गोलीबारी और हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दशम फॉल इलाके से दबोचा गया। पुलिस पूछताछ में सचिन यादव ने खुलासा किया है कि उसे इस घटना को अंजाम देने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि वह कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का गुर्गा है और उसी के इशारे पर उसने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।
विभिन्न थानों में पहले से आठ मामले दर्ज
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धनबाद का रहने वाला है और उसका आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। सचिन यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से आठ मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह जेल भी जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक इस हत्याकांड में शूटर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। बता दें कि घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल था।
READ ALSO: JHARKHAND IMA NEWS: जूनियर डॉक्टरों के सपोर्ट में आया आईएमए, कर दी ये घोषणा

