Home » Jamshedpur BJP Protest : हजारीबाग की घटना के विरोध में जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा का धरना, विधायक पूर्णिमा साहू हुईं भावुक

Jamshedpur BJP Protest : हजारीबाग की घटना के विरोध में जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा का धरना, विधायक पूर्णिमा साहू हुईं भावुक

धरना के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी देनी चाहिए। विधायक ने इस घटना के पीछे सरकार की लापरवाही को कारण बताया।

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur bjp protest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : हजारीबाग के विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की बच्ची का अपहरण करने के बाद दुष्कर्म किया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। यह मामला तूल पकड़ रहा है। इस घटना के विरोध में झारखंड के विभिन्न जिलों में भाजपा धरना-प्रदर्शन कर रही है।

जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा द्वारा हजारीबाग की घटना के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस धरने में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी शामिल हुईं।

धरना के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी देनी चाहिए। विधायक ने इस घटना के पीछे सरकार की लापरवाही को कारण बताया। विधायक ने कहा कि झारखंड की सरकार महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें समाज से भी गिला है। समाज को अपने अंदर झांकना चाहिए। क्या हमारे अंदर की इंसानियत खत्म हो गई है जो आज ऐसी घटनाएं हो रही हैं। क्या इस घटना के बाद हम सब आइने में अपनी शक्ल देखने की हिम्मत जुटा पा रहे हैं।

आरोपियों को फांसी की सजा की मांग

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जिन आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आरोपियों की गिरफ्तारी हो और इसके बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चला कर सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। ताकि, भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत नहीं जुटा सके। विधायक ने कहा कि कहीं न कहीं आप भी सोच रहे होंगे कि आपने कैसी निकम्मी सरकार बना दी है। उन्होंने कहा कि सरकार घोर निद्रा में सो रही है।

पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की। अपने संबोधन के दौरान वे भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने धरना के माध्यम से सरकार से न्याय सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की अपील की। धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Read also Patratu News : पतरातू में ताबड़तोड़ फायरिंग, रेल ओवरब्रिज साइट पर सुरक्षा गार्ड को लगी गोली, इलाके में दहशत

Related Articles

Leave a Comment