
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार सुबह धालभूमगढ़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक से एक कर्मचारी का शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और रेलवे प्रशासन तथा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उदय शंकर दानदू के रूप में हुई है। उनके गले में लटका रेलवे का पहचान पत्र मिलने के बाद ही उनकी शिनाख्त संभव हो सकी। जानकारी के अनुसार, वह चाकुलिया स्थित रेलवे बुकिंग ऑफिस में कार्यरत थे और वर्तमान में घाटशिला में रह रहे थे।
ट्रेन से गिरने की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उदय शंकर दानदू ड्यूटी से लौटने के दौरान आसनसोल लोकल ट्रेन से गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पश्चिम दिशा में स्थित बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी सनातन महतो मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें बचाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Read Also- Elephant Attack : महुआ चुनने निकले थे, सामने आ गई मौत, रामगढ़ में हाथियों ने ले ली तीन की जान

