RANCHI: रांची में नियमों के उल्लंघन, अतिक्रमण और अवैध व्यवसाय के खिलाफ रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए एक साथ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। सोमवार को निगम की टीम ने रातू रोड चौक स्थित एक आवंटित दुकान को बंद करा दिया, जहां नियमों का उल्लंघन करते हुए शराब का कारोबार किया जा रहा था। यह दुकान निगम द्वारा अस्थायी अनुज्ञप्ति के आधार पर दी गई थी, लेकिन संचालक ने एक्ट के प्रावधानों की अनदेखी की। खास बात यह है कि दुकान के पास एक अस्पताल भी स्थित है, जिससे मामला और गंभीर हो गया था।
निगम ने पहले ही तीन बार नोटिस जारी कर दुकान खाली करने का निर्देश दिया था। यहां तक कि उत्पाद विभाग को भी इसे स्थानांतरित करने के लिए पत्र भेजा गया था। बावजूद इसके संचालक ने 31 मार्च 2026 तक दुकान खाली करने के शपथ पत्र का उल्लंघन किया, जिसके बाद निगम ने सख्ती दिखाते हुए दुकान को तत्काल बंद करवा दिया।
इसी के साथ आवासीय कॉलोनियों में चल रहे अवैध व्यवसायों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत झारखंड राज्य आवास बोर्ड की कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध है। हरमू हाउसिंग कॉलोनी में दुकानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ सर्वे शुरू कर दिया गया है। आठ टीमों का गठन कर जांच की जा रही है और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर ट्रेड लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
शहर में अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक से जेल मोड़ और किशोरी यादव चौक से हरमू चौक तक चले अभियान में ठेला, काउंटर, बेंच, टैंक और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए गए। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और गंदगी फैलाने पर ₹7,000 का जुर्माना भी लगाया गया।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगम ने पुश कार्ट की शुरुआत की है। मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इसे लॉन्च किया। लगभग ₹18,450 प्रति यूनिट की लागत से 270 बिन खरीदे गए हैं, जिनमें से 100 की आपूर्ति हो चुकी है। प्रत्येक कार्ट में चार अलग-अलग बिन हैं, जिनसे गीले और सूखे कचरे का संग्रहण किया जाएगा।

