Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कदमा-सोनारी लिंक रोड स्थित गोलचक्कर के पास नियमित वाहन जांच के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी कदमा भाटिया बस्ती रोड नंबर 25 निवासी सोनू करुवा उर्फ लोलो है। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (जेएच 05सीएच084) के साथ पकड़ा गया। जब उससे वाहन के कागजात मांगे गए, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी और वाहन के दस्तावेज भी फर्जी हैं। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस मामले में कुल तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। डीएसपी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है।
डिमना रोड पर अवैध शराब के साथ ऑटो चालक गिरफ्तार, 264 बोतल बरामद

जमशेदपुर में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर चलाए जा रहे छापामारी अभियान के तहत 6 अप्रैल 2026 को उलीडीह स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, डिमना रोड के पास बड़ी कार्रवाई की गई।
तलाशी के दौरान एक ऑटो (निबंधन संख्या JH 05 BP 9923) से अवैध विदेशी शराब की कुल 264 प्लास्टिक बोतलें बरामद की गईं। मौके पर मौजूद ऑटो चालक अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच के दौरान इस अवैध कारोबार में कुख्यात कारोबारी नीरज गुप्ता और उसके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जमशेदपुर में गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जमशेदपुर पुलिस ने शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने तीन किलो से अधिक गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारिडीह इलाके में संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बारिडीह गोलचक्कर पहुंची।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 3 किलो 71 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंकू कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़े मामले अमृतसर में भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

