Jamshedpur: शहर में एक बार फिर चापड़बाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार रात डीजे की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज टीएमएच में चल रहा है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बर्थडे पार्टी से शुरू हुआ विवाद
गौरतलब है कि जेम्को मछुआ बस्ती में शनिवार की रात एक घर में बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे जब्त कर लिया। परिवार को शक हुआ कि पड़ोस के लोगों ने शिकायत की है। इसी बात को लेकर शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
चापड़ से हमला, तीन लोग घायल
इस झड़प में मनोज नाग, सुनीता देवी और छोटू नाग घायल हो गए। आरोप है कि वेंकटेश अन्ना, रिंकू मछुआ और बबलू मछुआ समेत अन्य लोगों ने चापड़ से हमला किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच जारी
सूचना मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं
गौरतलब है कि इसी दिन शहर में चापड़ से हमला करने वाले पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं

