घाटशिला : झामुमो का विधानसभा स्तरीय बैठक आगामी 22 अप्रैल को पांवड़ा पंचायत के माझी परगना महाल भवन में आयोजित की जाएगी। विधानसभा स्तरीय बैठक को सफल बनाने के लिए रविवार को महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपर्क कार्यालय घाटशिला में प्रखण्ड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती एवं आपसी एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में सभी पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष उपस्थित थे।
पदाधिकारियों को सौंपी गईं अलग-अलग जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान 22 अप्रैल को होने वाली विधानसभा स्तरीय बैठक को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पंचायत अध्यक्षों को अपने-अपने पंचायत के वरिष्ठ सदस्यों को साथ लेकर बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया ताकि आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रभावी विचार-विमर्श किया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता काजल डॉन ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन के कार्यक्रम पंचायत एवं प्रखण्ड कमेटी के आपसी समन्वय से आयोजित किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भी चर्चा की जाएगी और पार्टी के समर्थन से योग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने पर विचार-विमर्श किया जाएगा ताकि समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रखण्ड एवं जिला स्तर पर कार्य करने का अवसर मिल सके।
विपक्षी दल राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का कर रहे प्रयास
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि वर्तमान समय में विपक्षी दल विभिन्न तरीकों से राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में आवश्यक है कि पंचायत स्तर तक पहुंचकर सीएम हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए, ताकि आम जनता तक सरकार की सुविधाएं पहुंच सके।
बैठक को सफल बनाने की अपील की
प्रखण्ड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता प्रखण्ड कमेटी की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 22 अप्रैल की विधानसभा स्तरीय बैठक को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही महिला मोर्चा की नेत्रियों से कार्यक्रम के सुचारु संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अंत में कोषाध्यक्ष बाबू लाल मुर्मू ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि अनुशासन और समन्वय के साथ 22 अप्रैल की बैठक को सफलतापूर्वक संपन्न कर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे अन्य विधानसभा क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिल सके।
बैठक में इनकी रही उपस्थित
बैठक में सचिव खुदी राम हांसदा, भारत मुर्मू, गोपाल शर्मा, हीरा सिंह, सोमेन मिश्रा, काला चांद सरकार, सुब्रतो दे, अभिनाश विश्वास, रायसेन टुडू, श्यामू टुडू, राजा सिंह, शंभू जेना, बबलू हुसैन, भानु दलाई, सत्यजीत कुंडू, चंचल सरकार, गोपाल कोयरी, मोना दास, नीलिमा धाऊरिया, सुनीता दलाई, ऋतु कालिंदी, फरीदा खातून, कमल दास, ठाकुर दास सिंह, सालखू सोरेन, कारू हेंब्रम समेत कई कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

